नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को गुरुवार सुबह मौसम के बदले मिजाज ने बड़ी राहत दी। सुबह होते ही आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में दिन में रात जैसा अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।
लगातार बढ़ते तापमान और उमस के कारण लोग बेहाल थे। सुबह हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। घरों से लेकर खेत-खलिहानों तक लोगों के चेहरे खिल उठे।
इस बारिश से सबसे अधिक खुशी किसानों के बीच देखी गई। धान की रोपनी की तैयारी कर रहे किसानों के लिए यह वर्षा किसी वरदान से कम नहीं है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और धान की रोपाई के साथ-साथ मक्का, सब्जी एवं अन्य खरीफ फसलों की बुआई में भी तेजी आएगी।
बारिश के बाद मौसम खुशनुमा होने से बाजारों में भी रौनक लौट आई। भीषण गर्मी के कारण घरों में दुबके लोग जरूरी कार्यों के लिए बाहर निकले और मौसम का आनंद लेते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट आने तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।