नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। सदर थाना क्षेत्र से चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जहां चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया है। चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर करोड़ों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला हीरापुर स्थित ज्ञान मुखर्जी रोड का है, जहां एक बंद घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी विश्वजीत साव अपने पूरे परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए धनबाद से मुंगेर गए हुए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने घर में रखे गोदरेज अलमारी को निशाना बनाया और उसमें रखे पुस्तैनी गहनों सहित नौ लाख रुपए कैस लेकर फरार हो गए।
चोरी की इस घटना की जानकारी पड़ोसियों ने फोन के माध्यम से गृहस्वामी को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।