बैंक जा रहे दंपती समेत चार लोगों ने गंवाई जान, चालक हाईवा छोड़कर फरार, मुआवजे की मांग पर एक घंटे तक एनएच जाम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। अरवल जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर संडा के समीप शनिवार को पटना-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-139) पर हाईवा और ऑटो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक एनएच-139 को जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार हाईवा और ऑटो की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान परासी थाना क्षेत्र के परासी गांव निवासी राजगीर राम, उनकी पत्नी मनीषा देवी, गुल्ली बिगहा निवासी अमरजीत कुमार तथा सदर थाना क्षेत्र के भदासी निवासी रंजीत राजवंशी के रूप में हुई है।
घायलों में मेहंदिया थाना क्षेत्र के वलिदाद निवासी सुनील कुमार तथा परासी थाना क्षेत्र के बल्लोपुर निवासी ऑटो चालक महेंद्र राम शामिल हैं। दोनों का इलाज सदर अस्पताल, अरवल में चल रहा है।

बताया जाता है कि राजगीर राम अपनी पत्नी मनीषा देवी के साथ बैंक से रुपये निकालने के लिए अरवल आ रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह भीषण हादसा हो गया और दोनों की जीवन यात्रा हमेशा के लिए समाप्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर लगभग एक घंटे तक एनएच-139 को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर सरकारी प्रावधानों के तहत हर संभव सहायता और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर एनएच-139 पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।