नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जहां अगले 72 घंटों के दौरान 25 जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। राज्य के 25 जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर आकाशीय बिजली ठनका गिरने का खतरा बना हुआ है। बिहार का मौसम अगले कुछ दिनों में बदलता रहेगा, कुछ जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, जबकि कई जगहों पर भारी बारिश से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के लिए 25 जिलों में बारिश, तेज हवा और बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आईएमडी की ओर से पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में मौसम को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की ओर से 24 अगस्त को प्रदेश के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 9 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। 25 और 26 अगस्त को उत्तर बिहार, उत्तर-पूर्वी बिहार और सीमांचल के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। राजधानी पटना में धूप और बादलों के बीच उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। कल देर रात हल्की बूंदाबांदी के बावजूद आज भी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कैमूर जिले में सबसे ज्यादा 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में सबसे कम 25.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
खराब मौसम और आंधी-बारिश के दौरान पक्के मकान या घर के अंदर रहना ही सबसे सुरक्षित उपाय है। खुले मैदानों, खेतों, पेड़ों के नीचे और किसी भी जलस्रोत या तालाब के पास जाने से बिल्कुल बचें। पेड़ बिजली को अपनी ओर जल्दी आकर्षित करते हैं, इसलिए उनके नीचे शरण लेने की भूल न करें। प्रदेश में बारिश के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) और तेज गरज-चमक का खतरा बना हुआ है, जिससे बचाव के लिए लोगों को पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।