नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कुटुंबा प्रखंड परिसर में 500 एमटी भंडारण क्षमता वाले गेहूं अधिग्रहण केंद्र का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। सरकार द्वारा इस वर्ष गेहूं क्रय हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

जिला पदाधिकारी द्वारा अधिग्रहण केंद्र पर जीपीएस युक्त व्यवस्था के माध्यम से गेहूं अधिप्राप्ति की पहली खेप का शुभारंभ किया गया, जिससे पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि “गरीबों में आशा एवं किसानों में विश्वास” की थीम के अनुरूप कार्य करते हुए किसानों से गुणवत्तापूर्ण गेहूं की अधिप्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा क्रय की गई फसल का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सीधे किसानों के खाते में किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि केंद्र पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी एवं निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम राजेश कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज चौधरी, कोऑपरेटिव जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुटुंबा, अंचल अधिकारी कुटुंबा, संबंधित पैक्सों के अध्यक्ष एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।