स्मृतिशेष सुशील मोदी के आप्त सचिव रहे शैलेंद्र ओझा एवं सुमन झा ने भी किया घोषणा का स्वागत
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। राजनीति के ज़रिए बिहार के विकास को नई दिशा देने के लिए आजीवन प्रयत्नशील रहे सुशील कुमार मोदी को पद्मभूषण देने की घोषणा पूरे बिहार का सम्मान है। स्व. सुशील कुमार मोदी की अर्धांगिनी जेस्सी सुशील मोदी और उनके पुत्र अक्षय ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व बिहार के मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तथा दोनों उपमुख्यमंत्रियों का आभार जताते हुए कहा है कि इस सम्मान से भाजपा के लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं का आत्मगौरव बढ़ेगा।
श्रीमती मोदी ने कहा कि सुशील मोदी ने समाज के विभिन्न तबकों व लोगों के बीच काम किया और बिहार के विकास के लिए कई सामाजिक कार्य किए, जिनमें अस्पतालों और गरीब लोगों की मदद करना भी शामिल था। यह पुरस्कार उनके निधन से मिले लोगों के घावों पर दवा के रूप में भी काम करेगा और प्रेरणा का स्रोत बनेगा। खासकर उन युवाओं के लिए जिन्हें लक्ष्य निर्धारित करने और दिशा देने के लिए नेताओं की आवश्यकता होती है।
श्रीमती मोदी ने कहा कि मरणोपरांत सुशील कुमार मोदी को पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा दरअसल सुशील मोदी की पांच दशकीय सार्वजनिक व राजनीतिक जीवन के समर्पण व सद्कार्य की पहचान का सम्मान है। इस सम्मान से भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं व सुशील मोदी को चाहने वालों के साथ मेरा परिवार भी हर्षित है। सुशील मोदी के इस सम्मान को बिहारवासियों को समर्पित कर मुझे अतिशय प्रसन्नता होगी क्योंकि उनका सम्पूर्ण समर्पण बिहार के प्रति था। राजनीति को सेवा व आमजन की उन्नति-प्रगति का माध्यम मानने वाले सुशील मोदी के प्रति यही सच्ची श्रद्धांजलि व सम्मान होगा।
श्रीमती मोदी ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली भारत सरकार और सीएम नीतीश कुमार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के प्रति आभारी व्यक्त करते हुए कहा है कि यह सम्मान लोगों के लिए जमीनी स्तर पर सुशील जी की कड़ी मेहनत, बिहार राज्य के वित्त और विकास को बदलने और देश में जीएसटी के सफल कार्यान्वयन के लिए एक और मान्यता है।
इस बीच सुशील कुमार मोदी के आप्त सचिव रहे शैलेंद्र कुमार ओझा और निजी सचिव रहे सुमन कुमार झा ने भी स्मृतिशेष सुशील मोदी को केंद्र सरकार की ओर से पद्म भूषण सम्मान दिए जाने की घोषणा का स्वागत किया है और कहा है कि इससे लोगों को राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी।