15 नवंबर को दोपहर 2 से रात 8 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 3 से 9 बजे तक लागू रहेगा आदेश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा और यातायात पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार ने संयुक्त आदेश जारी कर 15 और 16 नवंबर को निर्धारित समय के दौरान कई मार्गों पर भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। जारी आदेश के अनुसार, 15 नवंबर को अपराह्न 2 बजे से रात 8 बजे तक तथा 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से 9 बजे तक मालवाहक भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
तेलमच्चो सेक्टर-11 मोड़ से सेक्टर-11 की ओर जाने वाले भारी वाहन। पुपुनकी टोल प्लाजा से जोधाडीह मोड़, चास की ओर आने वाले वाहन। इन्हें टोल प्लाजा पर रोका जाएगा। तेलगड़िया मोड़ से जोधाडीह मोड़ की ओर आने वाले वाहन। आईटीआई मोड़ फोरलेन से जोधाडीह मोड़, धर्मशाला मोड़, पिंड्राजोरा और उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले वाहन। पिंड्राजोरा चेकपोस्ट से आईटीआई मोड़ की ओर आने वाले वाहन। पेटरवार से उकरीद मोड़ की ओर आने वाले वाहन। इन्हें जरीडीह टोल प्लाजा पर रोका जाएगा। बोकारो स्टील प्लांट और माराफारी की ओर से बालीडीह जाने वाले भारी वाहन। इन्हें रेलवे पुल, माराफारी के पास रोका जाएगा।
छोटे वाहनों के लिए भी बदली व्यवस्था
स्टेशन मोड़, बालीडीह से बालीडीह टोल प्लाजा की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को सड़क के दाहिने लेन से गुजरना होगा। बायां लेन बंद रहेगा। इसी तरह तेलगड़िया मोड़ से जोधाडीह मोड़ की ओर जाने वाले छोटे वाहन भी दाहिने लेन से चलेंगे। प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के छठ घाटों के पहुंच मार्गों पर अर्घ्य के निर्धारित समय में बड़े वाहनों का परिचालन रोकने का निर्देश दिया है। साथ ही आम नागरिकों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने में सहयोग करने की अपील की है।