आदर्श युवा क्लब के युवाओं ने संभाली व्यवस्था, 16 नवंबर को लगेगा मेला, श्रद्धालुओं के लिए चाय, कॉफी और खीर की होगी नि:शुल्क व्यवस्था
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
नारदीगंज (नवादा)। लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर नारदीगंज प्रखंड के अब्दलपुर पड़रिया स्थित छठ घाट पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पावरग्रिड के समीप स्थित परिसर के तीनों घाटों पर साफ-सफाई, पानी, आकर्षक लाइटिंग और भव्य पंडाल की व्यवस्था की गई है। घाट की सजावट और तैयारियों को अंतिम रूप देने में आदर्श युवा क्लब के ग्रामीण बच्चों और युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
शनिवार को खरना के साथ ही छठव्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया है। इसे लेकर गांव में उत्सव और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
आदर्श युवा क्लब के सौजन्य से युवाओं ने सामूहिक रूप से घाट की व्यवस्था संभाली है। क्लब के संरक्षक अजय यादव, महेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
क्लब की ओर से 16 नवंबर को छठ घाट पर मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए चाय, कॉफी, खीर और पेयजल की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए विशेष तैयारी की है।
इधर, नारदीगंज प्रखंड के हंडिया, ओड़ो, रामे और कोसला सहित अन्य छठ घाटों पर भी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल है।