समाज के सहयोग से एक महीने पहले जुटाई जाती है राशि, लागत मूल्य पर मिलते हैं फल; किसानों को भी दिया जाता है विशेष स्थान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हजारीबाग। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर हजारीबाग में एक अनोखा फल बाजार सजता है। इस बाजार की खासियत है कि यहां फलों की बिक्री मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि लोगों को उचित कीमत पर फल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जाती है। इस वर्ष बाजार में करीब 70 लाख रुपये के फल बेचने की तैयारी है। त्योहार के दौरान फलों की कीमतों में होने वाली बढ़ोतरी और महंगाई से आम लोगों को राहत दिलाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। इस अनोखे बाजार का संचालन सूर्य षष्ठी छठ पूजा वितरण समिति की ओर से किया जाता है। बाजार लगाने के लिए समिति के सदस्य करीब एक महीने पहले से समाज के लोगों से सहयोग राशि एकत्रित करते हैं। इसी राशि से थोक में फल और अन्य जरूरी सामग्री खरीदी जाती है। बिक्री से प्राप्त राशि वापस सहयोग करने वाले लोगों को लौटा दी जाती है। इस तरह बिना किसी व्यावसायिक लाभ के बाजार का संचालन किया जाता है।
इस बाजार की एक और खासियत यह है कि यहां कोई व्यवसायी नहीं, बल्कि समाज के युवक पूरी व्यवस्था संभालते हैं। इसमें शिक्षक, अधिवक्ता, पत्रकार और समाजसेवी भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। श्रद्धा और सामाजिक सहयोग की भावना से संचालित इस बाजार में फल लागत मूल्य पर उपलब्ध कराए जाते हैं। यहां तक कि रिफाइंड तेल और घी जैसी सामग्री भी लागत मूल्य पर देने का प्रयास किया जाता है। बाजार में स्थानीय किसानों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। किसान अपने खेतों में उत्पादित फल और अन्य सामग्री यहां लाकर बेच सकते हैं। इसके लिए उनसे किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है। इससे किसानों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिलता है।
हजारीबाग के लोगों के बीच इस बाजार को लेकर खासा उत्साह रहता है। छठ के मौके पर सस्ते और उचित मूल्य पर फल मिलने के कारण बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी करने पहुंचते हैं। सामाजिक सहयोग, किसानों को प्रोत्साहन और महंगाई पर नियंत्रण की यह पहल हजारीबाग में छठ की एक अलग पहचान बन चुकी है।