नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कोचस। राष्ट्रीय उच्च मार्ग 319 पर एक युवक को स्कार्पियो ने धक्का मार दिया जिससे मौके पर उसकी मौत हो गयी। घटनाक्रम राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को अहले सुबह परसथुआ थाना क्षेत्र के शेख बहुअरा गांव के समीप घटित हुई। इस घटना से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने शेख बहुअरा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग को घंटों जाम कर दिया जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गयी। बताया जाता है जितेंद्र कुमार सिंह पिता स्व कैलाश सिंह सुबह में मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रहे थे तभी स्कार्पियो धक्का मारते हुए फरार हो गया। इस घटनाक्रम में उनकी मौत हो गयी।
जबकि दूसरे घटना में रविवार की देर शाम सलथुआ गांव के रहने वाले मो मुर्तुजा धोबी को भी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया जिसमें उनकी मौत हो गयी। घटना की सूचना पर पहुंची 112 डायल पुलिस को ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया। जिसके बाद पहुंचे थानाध्यक्ष के पहल पर ग्रामीणों को समझाने बुझाने के बाद जाम ख़त्म हुआ। हालांकि जिलाधिकारी को बुलाने की मांग पर ग्रामीण अड़े हुए थे। घटना की सूचना पर पहुंचे जिला परिषद सदस्य विनय कुमार पाल, अंचल अधिकारी विनीत व्यास के द्वारा सड़क जाम हटाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गयी।