पहले बाइक की ठोकर से सड़क पर गिरी महिला, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचला, चालक फरार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। भगवानगंज थाना क्षेत्र के रौनिया ओपी अंतर्गत मटौढ़ा पुलिया के समीप सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मटौढ़ा गांव निवासी लगनी देवी, पति बृजनंदन ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि गांव में शादी समारोह आयोजित था, जिसमें काम करने के लिए लगनी देवी जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक सवार ने उन्हें ठोकर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद रौनिया ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाने में जुटी है। मालिक से पूछताछ के बाद चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।