गिरिडीह के शास्त्री नगर स्थित आवास को खंगाला, सुरक्षा के मद्देनजर तैनात रहा भारी पुलिस बल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले की जांच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को एसीबी की टीम ने रांची के साथ गिरिडीह में भी छापेमारी की। टीम ने पूर्व बड़गाईं अंचलाधिकारी शैलेश कुमार के गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित आवास पर पहुंचकर करीब पांच घंटे तक जांच-पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम शुक्रवार को शैलेश कुमार के आवास पहुंची और विभिन्न बिंदुओं पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आवास में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान टीम को क्या-क्या मिला, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। गौरतलब है कि रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले की जांच के तहत एसीबी विभिन्न ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है। गिरिडीह में हुई इस छापेमारी को भी इसी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। फिलहाल एसीबी की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।