नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने की पहल की है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने यातायात ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जाम की समस्या से निपटने, यातायात नियमों का पालन कराने तथा वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।
एसपी ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। साथ ही, यातायात ड्यूटी में तैनात कर्मियों को पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया।
उन्होंने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी स्थिति में तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना देने की बात कही। एसपी ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।