नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मोकामा। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की रस्में आज से शुरू हो रही हैं. 20 नवंबर को तिलक समारोह के साथ विवाह कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा, जबकि 25 नवंबर को मोकामा के लदमा गांव में भव्य विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा.
शादी को लेकर गांव में अभूतपूर्व तैयारियां की जा रही हैं. वीवीआईपी मेहमानों के स्वागत के लिए 25 एकड़ में विशाल हेलीपैड बनाया जा रहा है और साथ ही घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा. पूरे इलाके में इस शाही शादी की चर्चा जोरों पर है.
शिवांगी सिंह और ऋषिकेश कुमार की शादी के कार्यक्रम की शुरुआत आज शुभ फलदान और तिलक समारोह से होगी. कार्यक्रम के अनुसार अनंत सिंह दोपहर करीब 2 बजे अपने पैतृक गांव लदमा से पटना के लिए रवाना होंगे. शाम करीब 4 बजे दानापुर के सगुना मोड़ स्थित ऑरिगेनो रिसॉर्ट में तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा. इस दौरान अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर कार भेंट करेंगे. वहीं विवाह समारोह की अन्य रस्मों में 23 नवंबर को हल्दी और कलश कार्यक्रम, 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत समारोह आयोजित होंगे. 25 नवंबर को शिवांगी सिंह और ऋषिकेश कुमार के विवाह के साथ ही अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार भी संपन्न कराया जाएगा.
अनंत सिंह ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ खास मेहमानों के लिए नहीं है. उन्होंने गांव और आसपास के लोगों को भी शादी में आने का निमंत्रण दिया है. उन्होंने कहा, ‘जिन लोगों को कार्ड नहीं मिला है, वे भी आएं. यह कोई सिनेमा नहीं है कि टिकट वालों को ही एंट्री मिले. जनता ही हमारे लिए भगवान है.’