मंत्री संतोष कुमार सिंह ने किया श्रम संवाद पत्रिका के प्रथम अंक का विमोचन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। श्रम संसाधन विभाग, बिहार की ओर से प्रकाशित त्रैमासिक ‘श्रम संवाद पत्रिका’ के प्रथम अंक का विमोचन आज श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने किया। इस विशेष अवसर पर विभाग के सचिव दीपक आनन्द समेत विशेष सचिव राजीव रंजन, विशेष सचिव आलोक कुमार, श्रम आयुक्त राजेश भारती के साथ अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। यह पत्रिका राज्य के श्रमिकों के हितों, कल्याणकारी योजनाओं, श्रम सुधारों और कौशल विकास की दिशा में सरकार के प्रयासों को प्रतिबिंबित करती है। पत्रिका के संपादक स्वयं मंत्री संतोष कुमार सिंह हैं जो इसे एक दृष्टिकोण आधारित और नीति संवाद का मंच बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं।
“श्रम संवाद” में राज्य में श्रम कानूनों में किए गए बदलावों के साथ-साथ सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के सेंटर ऑफ एक्सेलेंस के रूप में उन्नयन, असंगठित कामगारों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, कैरियर मार्गदर्शन, महिला सशक्तिकरण में कौशल विकास की भूमिका जैसी कई विषयों पर जानकारी दी गई है। पत्रिका में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, गिरमिटिया से गूगल तक अंतरराष्ट्रीय प्रवासन की प्रवृत्ति, औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 तथा श्रम अधिनियमों का इतिहास जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर लेख प्रकाशित किए गए हैं। साथ ही राज्य के नियोजनालयों और करियर सेंटर की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया है।
यह पत्रिका न केवल सूचना का स्रोत होगी बल्कि नीति निर्माताओं, उद्योगों और आम श्रमिकों के बीच सेतु का कार्य करेगी। मंत्री ने आशा जताई कि यह पहल श्रमिक कल्याण और रोजगार सृजन के प्रयासों को और गति देगी।