नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा थाना क्षेत्र के शिवनार गांव के समीप पटना-मोकामा फोरलेन पर मंगलवार को तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने से दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान खगड़िया जिले के दक्षिणी माड़र निवासी पवन कुमार गुप्ता, उनकी पत्नी सुलोचना देवी और कार चालक मोहम्मद सदरे आलम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पवन कुमार गुप्ता और उनकी पत्नी अयोध्या से खगड़िया लौट रहे थे। इसी दौरान शिवनार के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और मोकामा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को मोकामा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चालक मोहम्मद सदरे आलम का शव कार की चालक सीट में फंस गया था, जिसे पुलिस और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद मोकामा फोरलेन पर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकने के इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।