नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम/डेहरी। अत्यधिक बारिश के कारण सासाराम विधानसभा क्षेत्र के फजलगंज के निकट के कंपनी सराय मोहल्ले में भारी तबाही देखने को मिली। बारिश के कारण करीब दो दर्जन कच्चे मकान धराशायी हो गए। जिन परिवारों के घर गिरे हैं, उनमें कुंती देवी, सुरेंद्र पासवान, सोनू पासवान, बबन पासवान, राजेंद्र चौधरी, पारस शाह, धनजी डोम, श्री निवास पासवान और कन्हैया पासवान सहित कई गरीब परिवार शामिल हैं।
इस आपदा की सूचना मिलते ही जदयू के वरिष्ठ नेता, जदयू सलाहकार समिति के सदस्य एवं सासाराम विधानसभा क्षेत्र के संभावित प्रत्याशी डॉ. निर्मल कुशवाहा तुरंत स्थल पर पहुंचे। उन्होंने करीब दो दर्जन प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी स्थिति जानी और राहत के रूप में खाद्य सामग्री व आर्थिक सहायता प्रदान की।
डॉ. कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार हमेशा गरीबों और पीड़ितों के साथ खड़ी रही है। मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और जनकल्याणकारी नीतियों से प्रेरित होकर उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर इस संकट की घड़ी में सहयोग किया। उन्होंने प्रशासन से भी आग्रह किया कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र सरकारी राहत उपलब्ध कराई जाए। स्थानीय लोगों ने डॉ. निर्मल कुशवाहा की तत्परता और मदद की भावना की सराहना की तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनसेवी नेतृत्व की प्रशंसा की, जिनकी नीतियों से जनता को समय पर राहत और सहायता मिल रही है।
मौके पर जदयू नेता अरविंद तिवारी, अल्पसंख्यक जदयू नेता असलम अंसारी, जदयू जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा, रिंकू सिंह सहित कई उपस्थित थे।