लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी सह बाल मेला का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के बुद्ध विहार वार्ड नं- एक स्थित लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल के परिसर में रविवार को विज्ञान प्रदर्शनी सह बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन औरंगाबाद के एसडीएम संतन कुमार सिंह, एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय, वरिष्ठ समाजसेवी संत सिंह, लॉर्ड बुद्धा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के चेयरमैन डा. धनंजय कुमार, निदेशक सर्वेश कुमार, लॉर्ड बुद्धा के प्राचार्य पंकज दुबे, लर्निंग कलाउड के प्रबंधक आरके सिंह एवं बुद्धा इंटरनेशनल के प्राचार्य दिलीप कुमार पंकज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।

एसडीएम संतन कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्र के विकास और मजबूती के लिए आवश्यक है कि बच्चों में वैज्ञानिक चेतना जागृत हो। विज्ञान ही समस्त विकास और इस जगत का आधार का आधार है। अत: ऐसे आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए। कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी छात्रों को सिर्फ वैज्ञानिक तथ्यों से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक प्रक्रिया वैज्ञानिक सोच, प्रयोग, प्रस्तुति सहित से भी जोड़ती है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।
एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वस्तुत: शिक्षा ही है जो समाज, देश और दुनिया में आपके महत्व को स्थापित करती है। उन्होंने विज्ञान के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न वर्ग के छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिए।

चेयरमैन डा. धनंजय कुमार ने कहा कि अपने सेवा के 25 वर्षों की सफल यात्रा के दौरान लॉर्ड बुद्धा ने देश सेवा के सभी क्षेत्रों में अपने छात्रों को भेजा। विज्ञान हो या स्वास्थ्य, कला हो या संस्कृति, खेलकूद हो या मैनेजमेंट, एविऐशन हो या प्रोटेक्शन सेवा का ऐसा कोई भी क्षेत्र आज ऐसा नहीं है जो लॉर्ड बुद्धा विद्यालय समूह के बच्चों की पहुंच से दूर हो। उन्होंने दुहराया कि आगे आने वाले वर्षों में भी न सिर्फ यह कीर्तिमान कायम रहेगा अपितु इसमें उतरोत्तर वृद्धि ही होगी।
बच्चों द्बारा बनाए गए इंटरैक्टिव मॉडल सौर ऊर्जा से चलने वाली कार और प्लास्टिक प्रदूषण पर आधारित प्रयोग, थर्मल पॉवर प्लांट एंड स्मार्ट सिटी, सेल्फ सर्विसिग रोबोट, औटोमेटिक रीवर क्लिनिग मशीन, स्मार्ट सेपरेशन ऑफ वेस्ट मटीरियल्स, स्मार्ट ग्लासेज फॉर ब्लाइंड, पिरामिड ऑफ गीजा, एस 400 टैंक, पिकनिक इन सीनरी, आर्मी डिफेंस कार, सेंसर टेप और विडमिल बेहद लोकप्रिय रहे।

लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल एवं लर्निंग कलाउड मोंटेशरी के छात्र-छात्राओं द्बारा संयुक्त रूप से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। एक ओर कजरी नृत्य की प्रस्तुति ने जहां दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया वहीं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ नाटक की प्रस्तुति ने दर्शकों की आंखों नम कर दी। वर्ग पांच की छात्रा महविश हयात ने सफलता पर स्पीच दिया। छात्राओं की बुद्धम शरणम गच्छामि नृत्य ने सबको दांतों तले उंगली दबाने को विवश कर दिया।
मंच का संचालन बुद्धा इंटरनेशनल मेहंदिया के प्राचार्य दिलीप कुमार पंकज के नेतृत्व में लॉर्ड बुद्धा की तुब्बा, रीतू रानी, आराध्या कुमारी, आकांक्षा एवं अनुष्का ने किया।