नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। जिले की ग्रामीण, शहरी एवं राष्ट्रीय राजमार्गों की सड़कों को सुरक्षित और गड्ढामुक्त बनाने को लेकर शनिवार को डीएम शशांक शुभंकर ने संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जर्जर सड़कों की समयबद्ध मरम्मती और रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पूर्व में गठित कमेटी के निरीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर मरम्मत कराई गई सड़कों की दोबारा भौतिक जांच कर गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा। डीएम ने सभी विभागों से पूर्व निरीक्षण एवं मरम्मती कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने पुल-पुलियों, कलवर्ट और डायवर्सन के पास रेडियम युक्त साइनेज, पर्याप्त रोशनी और मजबूत बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया।
निर्माणस्थलों पर ग्रीन शीट लगाने को भी कहा। विशेष रूप से एयरपोर्ट से दोमुहान-बोधगया मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क के गड्ढों को गंभीरता से लेते हुए तीन दिनों के भीतर समतल कर आवागमन योग्य बनाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा।