नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। जंक्शन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.756 किलोग्राम गांजा के साथ एक 22 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत 6 लाख 37 हजार 800 रुपये आंकी गई है। ऑपरेशन नारकोस के तहत की गई।
आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी बनारसी यादव अपराध आसूचना शाखा प्रभारी चंदन कुमार एवं जीआरपी थानाध्यक्ष शिव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम स्टेशन पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर धनबाद-शकूरबस्ती एक्सप्रेस ट्रेन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचने पर आगे के जनरल कोच में तलाशी ली गई। इस दौरान छोटी कुमारी (22) पिता गोपाल कहार, निवासी ग्राम सोनाडीह, थाना करगहर, जिला रोहतास के झोले से गांजे के 12 बंडल बरामद हुए।
राजपत्रित अधिकारी संजय कुमार सिंह की मौजूदगी में गांजा जब्त कर महिला पुलिसकर्मी के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में महिला ने ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर सासाराम जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे जीआरपी थाना लाया गया। मामले में कांड संख्या 285/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)B के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।