नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार के लाल नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर 9 फरवरी को पहली बार पटना की धरती पर भव्य आगमन हो रहा है। इस अवसर पर उनके सम्मान में पटना के बापू सभागार हॉल में एक विशाल अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रदेश भर से पार्टी कार्यकर्ता, नेता एवं समर्थक उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत एवं अभिनंदन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, संतोष ठाकुर सहित अन्य के साथ महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि गयाजी से सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पटना पहुंचकर निर्धारित कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत करेंगे। नेताओं ने कहा कि नितिन नवीन का नेतृत्व पार्टी के लिए नई ऊर्जा, संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक स्पष्टता का प्रतीक है। उनके मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ा रही है। ऐसे में पटना में आयोजित यह अभिनंदन समारोह कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की एकजुटता का परिचायक होगा।