नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद के बाबूडीह खटाल इलाके में पीएनबी के लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया है। परिजनों का आरोप है कि उनका अपहरण कर लिया गया है और फोन पर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है।
जानकारी के मुताबिक, अमित शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे और दोपहर तक वापस नहीं लौटे। परिवार ने संपर्क किया तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाकर धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। लोकेशन पहले गोविंदपुर ऊपर बाजार और फिर सरायढेला के सूर्य हाइलैंड सिटी के आसपास मिली, बाद में फोन डांगी मोड़ के पास फेंका हुआ मिला।
पुलिस ने सूर्य हाइलैंड सिटी में छापेमारी कर विकास खंडेलवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जिस पर करीब एक करोड़ रुपये का लोन बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जबकि परिजन अमित की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं।