जीकेसी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक को लेकर तैयारी शुरू
महादेवी वर्मा सम्मान समारोह का भी होगा आयोजन, चयन समिति गठित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस की राष्ट्रीय कार्यसमिति की एक वर्चुअल बैठक कल रात ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें संगठन को भावी गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में आगामी चार अप्रैल को पटना में जीकेसी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने तथा पांच अप्रैल को पटना में महादेवी वर्मा सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इन दोनों कार्यक्रमों की रूपरेखा, उद्देश्य और आयोजन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस वर्चुअल बैठक में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, असम सहित देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधि और पदाधिकारी जुड़े, जिससे यह बैठक राष्ट्रीय स्तर की सहभागिता और विचार-विमर्श का मंच बन गई। बैठक में प्रमुख रूप से अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन, महासचिव नवीन कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता कमल किशोर, पवन सक्सेना, निलेश वर्मा, बिहार प्रदेश अध्यक्ष दीपक अभिषेक, सुभाषिनी स्वरूप, शालिनी सिन्हा, धनंजय प्रसाद सहित विभिन्न राज्यों के अध्यक्ष और महासचिव शामिल हुए।
सभी वक्ताओं ने संगठन को वैचारिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने तथा सामाजिक सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार पर अपने विचार रखे। बैठक में वर्ष 2024, 2025 और 2026 के लिए महादेवी वर्मा अवार्ड प्रदान करने का भी निर्णय लिया गया। अवार्ड प्राप्त करने वाले व्यक्तियों के चयन के लिए एक समिति के गठन को घोषणा की गई। यह सम्मान साहित्य, कला, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि महादेवी वर्मा अवार्ड प्रदान किए जाने का यह कार्यक्रम पांचवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इन पांच वर्षों में जीकेसी महादेवी वर्मा अवार्ड ने देश के प्रतिष्ठित सम्मानों में अपनी एक सशक्त पहचान स्थापित की है। बैठक का समापन संगठनात्मक एकता, सांस्कृतिक चेतना और रचनात्मक ऊर्जा के संकल्प के साथ हुआ।
महादेवी वर्मा सम्मान समारोह के लिए चयन समिति गठित
महादेवी वर्मा सम्मान समारोह के लिए अवार्ड चयन समिति का गठन किया गया है। चयन समिति में रागिनी रंजन को अध्यक्ष बनाया गया है। समिति के अन्य सदस्यों में अनुज माथुर राजस्थान से, नवीन कुमार महाराष्ट्र से, आदित्य नाग राजस्थान से, आलोक अविरल एनसीआर से, कमल किशोर बिहार से, निष्का रंजन महाराष्ट्र से, मितेश कर्ण दुबई से पूनम कर्ण नेपाल से, पवन सक्सेना महाराष्ट्र से और शिवानी गौड़ बिहार से शामिल हैं। यह समिति विविध भौगोलिक क्षेत्रों और अनुभवों का प्रतिनिधित्व करती है, जिससे ‘चयन प्रक्रिया व्यापक और संतुलित हो सके। यह भी तय किया गया है कि इन नामित सदस्यों के अतिरिक्त देश के सभी प्रदेशों के अध्यक्ष तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय अध्यक्ष पदेन सदस्य के रूप में समिति का हिस्सा होंगे।