औरंगाबाद में होगा कांग्रेस भवन का निर्माण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। कांग्रेस पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर पुनर्गठित तथा मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी संगठन सृजन अभियान को निर्णायक चरण में पहुंचा दिया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने आज औरंगाबाद परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी अब गांव तथा बूथ स्तर तक मजबूत ढांचा खड़ा करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में सक्रिय, प्रभावी और जनसंपर्क में दक्ष जिलाध्यक्ष का चुनाव अथवा मनोनयन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया की निगरानी प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि औरंगाबाद समेत सभी जिलों में 15 मार्च तक नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी जाएगी।
श्री ठाकुर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य केवल पदाधिकारियों की नियुक्ति नहीं बल्कि गांव और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं का नेटवर्क तैयार करना है। इसके तहत प्रखंड, पंचायत और बूथ समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य है कि हर बूथ पर प्रशिक्षित कार्यकर्ता मौजूद रहें जो जनता की समस्याओं को सीधे पार्टी मंच तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि जिले के तीन दिवसीय दौरे के बाद आगामी एक मार्च के पश्चात वे अपनी विस्तृत रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को सौंपेंगे। रिपोर्ट में संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति से जुड़े सुझाव शामिल होंगे।
श्री ठाकुर ने घोषणा की कि निकट भविष्य में औरंगाबाद में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कांग्रेस भवन का निर्माण कराया जाएगा। इससे संगठनात्मक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनसुनवाई जैसी गतिविधियों के लिए स्थायी स्थान मिलेगा।
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के पूर्व विधायक आनंद शंकर, जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, वरीय नेता अभिषेक प्रताप उर्फ चुलबुल सिंह, धीरेन्द्र कुमार सिंह, युवा नेता सूरज राय भी मौजूद थे। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करेगी और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।