नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। पटना के दीदारगंज स्थित मिर्जापुर गांव में छठ महापर्व की खुशियों के बीच उस वक्त मातम पसर गया जब पुनपुन नदी में तीन किशोर डूबकर लापता हो गए। आशु, सूरज और आदित्य जैसे मासूम बच्चों के अचानक गहरे पानी में समा जाने से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली पंचायत स्थित मिर्जापुर गांव में पुनपुन नदी में डूबने से तीन किशोर लापता हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तीनों की तलाश शुरू की, लेकिन करीब तीन घंटे तक कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमें नदी में डूबे किशोरों की तलाश में जुटी हैं। इस बीच राहत और बचाव कार्य के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। जिसमें कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं हैं।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर गांव के पास पुनपुन नदी में अलग-अलग परिवारों के तीन किशोर डूब गए। घटना की खबर मिलते ही उनके परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। शुरुआत में ग्रामीणों ने अपने स्तर से नदी में उतरकर तीनों की तलाश की। करीब तीन घंटे तक खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया। पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य में सहयोग करने लगा। नदी में डूबे किशोरों के परिजन लगातार उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
वहीं, ग्रामीणों की भीड़ जुटने से मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इसी दौरान किसी बात को लेकर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले के बाद पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए मौके से हटना पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक तरफ तीन किशोरों की तलाश जारी है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस पर हमले को लेकर तनाव बना हुआ है। फिलहाल एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें नदी में खोज अभियान चला रही हैं। लापता किशोरों के मिलने और पुलिस पर हमले के मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।