विधानसभा अध्यक्ष ने दिया समितियों को सक्रिय करने का निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में मिथिलेश तिवारी तथा अन्य सदस्यों से प्राप्त सहकारिता विभाग संबंधी ध्यानाकर्षण सूचना पर उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में सहकारिता विभाग के अंतर्गत स्थापित विभिन्न परिसंघों और समितियों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में वेजिटेबल फेडरेशन, मार्केटिंग फेडरेशन, मधुमक्खी पालन सहकारी समिति, बुनकर सहकारी समिति सहित अन्य संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर चर्चा हुई। बताया गया कि इनमें से अधिकांश संस्थाओं की प्रगति धीमी है और वे निर्धारित लक्ष्यों से पीछे हैं।
सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि बिस्कोमान की तर्ज पर विपणन सहकारी संघ एवं फेडरेशन (परिसंघ) का गठन किया जा रहा है। कोशी प्रमंडल को छोड़कर पटना, मगध, तिरहुत, सारण, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर और मुंगेर में विपणन सहकारी संघ गठित हो चुके हैं। राज्य स्तर पर बिहार राज्य विपणन सहकारी फेडरेशन तथा कोशी प्रमंडल में विपणन संघ गठन की प्रक्रिया जारी है। पैक्स को केवल अनाज खरीद तक सीमित न रखकर जनऔषधि केंद्र, खाद वितरण केंद्र, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान, बीज वितरण, किसान समृद्धि केंद्र तथा कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां ई-गवर्नेंस सेवाएं भी उपलब्ध हैं। वेजफेड योजना के तहत सभी प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियां और आठ सब्जी संघ गठित हो चुके हैं।
पूर्णिया प्रमंडल का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। 114 प्राथमिक सब्जी उत्पादक समितियों में आधारभूत संरचना, 200 में तरकारी आउटलेट, 68 में प्याज भंडारण गोदाम तथा चार कोल्ड स्टोरेज निर्माणाधीन हैं। राज्य में मधुमक्खीपालक समितियों की संख्या 144 से बढ़कर 224 हो गई है। बुनकर क्षेत्र में 168 प्राथमिक समितियां और चार क्षेत्रीय संघ सक्रिय हैं। 23 जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों की 290 शाखाओं के माध्यम से किसानों को सुविधाएं दी जा रही हैं। 7286 गोदामों के निर्माण से 17.472 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता सृजित हुई है, जबकि 278 गोदाम निर्माणाधीन हैं। अध्यक्ष ने सभी समितियों को पूर्ण रूप से सक्रिय करने, आत्मनिर्भर बनाने तथा विपणन फेडरेशन के राज्य स्तरीय उपनियम शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही कृषि, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा सहकारिता विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित करने को कहा।
बैठक में मिथिलेश तिवारी, भरत बिन्द, विनय कुमार चौधरी, आलोक कुमार सिंह, रामसेवक सिंह, माधव आनंद, धर्मेंद्र सिंह तथा प्रभारी सचिव ख्याति सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।