नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में मंगलवार देर शाम एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार किए जाने का मामला सामने आया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजन शव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है।
मृतका की पहचान दरियापुर निवासी सत्येंद्र रविदास की पत्नी मुंदरी देवी के रूप में हुई है। मृतका के भाई अजय कुमार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बहन छह माह की गर्भवती थी। आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद मायके वालों को सूचना दिए बिना घर के समीप नदी घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था।
अजय कुमार के अनुसार, सूचना मिलने पर वह शाम करीब सात बजे गांव पहुंचे, जहां शव अधजली अवस्था में पड़ा था। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही ससुराल पक्ष के लोग वहां से फरार हो गए।
बताया जाता है कि मुंदरी देवी धनरुआ थाना क्षेत्र के ओरियारा गांव निवासी स्व. सिताराम रविदास की बेटी थी। उसकी शादी वर्ष 2025 में मसौढ़ी थाना क्षेत्र के दरियापुर वार्ड नंबर-8 निवासी सत्येंद्र रविदास के साथ हुई थी।
घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।