मसौढी में एएसपी ने संभाली कमान
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। आगामी होली पर्व एवं रमजान माह को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सहायक पुलिस अधीक्षक कोमल मीणा के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। धनरूआ में थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। मसौढी मे हुए कार्यक्रम में मौके पर थानाध्यक्ष विवेक भारती, लहसुना थानाध्यक्ष खुशबू खातून, भगवानगंज थाना एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। फ्लैग मार्च थाना मसौढी पुलिस के साथ जिला बल भी शामिल रहा।
फ्लैग मार्च थाना से प्रारंभ होकर गांधी मैदान रोड, रहमतगंज, स्टेशन रोड, मेन रोड होते हुए मालिकाना, पुरानी बाजार, कर्पूरी चक होते हुए संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बढ़ाने, नियमित गश्त सुनिश्चित करने और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक कोमल मीणा ने कहा कि पर्व के दौरान अफवाह फैलाने, जानबूझकर विवाद उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थलों, जुलूस मार्गों और भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मसौढी पुलिस ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शहर में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस बल ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों का जायजा लिया और लोगों से शांति व भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की। होली को आपसी सौहार्द के साथ मनाने का आग्रह किया।
उन्होंने असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अशांति से बचने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।