दो माह की मासूम के साथ कमरे में सोई थी प्रियंका कुमारी, पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
डॉ. राजीव नयन
दनियावां (पटना)। पटना जिले के दनियावां प्रखंड अंतर्गत शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) की 26 वर्षीय महिला जवान प्रियंका कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रियंका गया में तैनात थीं। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
मृतका के पति रवि रंजन चौधरी एनटीपीसी बाढ़ में कार्यरत हैं। दंपती की करीब डेढ़ से दो माह की बच्ची है। परिजनों के अनुसार, घटना की रात प्रियंका ने अपनी सास को खाना खिलाया। इसके बाद तबीयत ठीक नहीं होने की बात कहते हुए उन्हें दूध पीकर सोने की सलाह दी। फिर वह बच्ची को लेकर ऊपर के कमरे में सोने चली गईं।
परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब चार से पांच बजे बच्ची के लगातार रोने की आवाज सुनाई दी। काफी देर तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजन वहां पहुंचे। कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की तोड़कर अंदर देखा गया, जहां प्रियंका मृत अवस्था में मिलीं। इसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर थानाध्यक्ष उत्तम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मौके पर फतुहा के एसडीपीओ-2 संजीव कुमार भी मौजूद रहे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल महिला जवान की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।