नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रोहतास। डालमिया भारत फाउंडेशन द्वारा रोहतास सीमेंट वर्क्स, कल्याणपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 150 महिलाओ ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बंदना जी एसडीपीओ डेहरी थीं। कार्यक्रम में अंकिता जैन प्रखंड विकास पदाधिकारी तिलौथू, अंशु तिवारी अध्यक्ष सुरभि क्लब आरसीडब्ल्यू तथा अशुतोष कुमार तिवारी यूनिट हेड रोहतास सीमेंट वर्क्स विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया तथा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात डालमिया भारत फाउंडेशन के अधिकारियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे ग्राम परिवर्तन परियोजना और दिक्षा कौशल विकास कार्यक्रम की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर रोहतास सीमेंट वर्क्स में कार्यरत 8 महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एक महिला कर्मचारी सुश्री दिव्या पांडेय की प्रेरणादायक कहानी भी साझा की गई, जिन्होंने पारंपरिक परिवार से आने के बावजूद विवाह के बाद अपनी पढ़ाई पूरी की और आज आरसीडब्ल्यू में सीसीआर ऑपरेटर के रूप में कार्य कर रही हैं।

महिला आजीविका को बढ़ावा देने के लिए 25 महिला उद्यमियों द्वारा संचालित माइक्रो एंटरप्राइज का उद्घाटन किया गया, जिनमें प्रत्येक को 10,000 रुपये की सहायता डालमिया भारत फाउंडेशन द्वारा दी गई। इसके अलावा समाहुता, बकनौरा और बनजारी गांव की 10 महिलाओं को दुग्ध पशु खरीदने हेतु 10,000-10,000 की सहायता प्रदान की गई तथा 12 किसानों को कृषि स्प्रेयर पंप वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि एसडीपीओ बंदना जी ने अपने संबोधन में कहा कि आर्थिक सशक्तिकरण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाता है, जिससे वे अपने निर्णय स्वयं ले सकती हैं और समाज में उनकी स्थिति मजबूत होती है। उन्होंने डालमिया भारत फाउंडेशन और रोहतास सीमेंट वर्क्स की पहल की सराहना की।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अंकिता जैन ने कहा कि महिलाओं के विकास के लिए शिक्षा, कानूनी जागरूकता और आर्थिक सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। वहीं सुरभि क्लब की अध्यक्ष अंशु तिवारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस तभी सार्थक होगा जब सभी महिलाएं और बालिकाएं समग्र रूप से विकसित हों और इस दिशा में डालमिया भारत फाउंडेशन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर गणपति ग्राम परिवर्तन स्वयं सहायता समूह संघ, समाहुता द्वारा आजीविका विकास के लिए 4,00,000 की राशि प्रदान की गई, जिसका उपयोग 30 महिला सदस्य आयवर्धन गतिविधियों में करेंगी। साथ ही बनजारी और बकनौरा की 60 महिलाओं, जिन्हें पहले दोनों ग्राम परिवर्तन एसएचजी एसोसिएशन को 4-4 लाख की सहायता दी गई थी, को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में यूनिट हेड अशुतोष कुमार तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि डालमिया भारत फाउंडेशन महिलाओं एवं आसपास के ग्राम पंचायतों के विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा और रोहतास सीमेंट वर्क्स ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे भी जारी रखेगा।
इस अवसर पर संजू जी, मुखिया ग्राम पंचायत बकनौरा, तथा मीरा जी, पंचायत समिति सदस्य ने भी महिला दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। यूनिट हेड ने बताया कि ये दोनों महिलाएँ महिला सशक्तिकरण की स्वयं एक प्रेरणादायक मिसाल हैं।