नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। शहर में गहराती जाम की समस्या और बेतरतीब पार्किंग से आम जनमानस को मिल रहे मानसिक व आर्थिक कष्ट को देखते हुए वैश्य समाज, दाउदनगर के एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। थानाध्यक्ष विकास कुमार की उपस्थिति में सौंपे गए इस आवेदन के साथ एक नजरी नक्शा (रूट मैप) भी संलग्न किया गया है, ताकि प्रशासन को वन-वे रूट निर्धारित करने में तकनीकी सहायता मिल सके।
बैठक के बाद लिए गए निर्णय के आलोक में वैश्य समाज ने मुख्य रूप से तीन मांगों पर जोर दिया है। पहला बाजार के सभी संकरी और संवेदनशील मोड़ों पर स्थायी रूप से यातायात कर्मियों की नियुक्ति। दूसरा लखन मोड़ से चावल बाजार होते हुए मगध होटल तक तथा नगर परिषद, कसेरा टोली, पटवा टोली होते हुए जगन मोड़ से लखन मोड़ तक के मार्ग को वन-वे घोषित कर उसे सख्ती से लागू करना। तीसरा मुख्य मार्ग और दुकानों के सामने खड़े बेतरतीब वाहनों पर कार्रवाई, ताकि व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान वैश्य समाज के अध्यक्ष राकेश कुमार, सचिव आनंद प्रकाश, कोषाध्यक्ष सह स्थायी स्टैंडिंग समिति के सदस्य दिनेश कुमार, सशक्त कार्यकारिणी सदस्य डॉ. एस.पी. सुमन, प्रह्लाद प्रसाद, अमित कुमार, नीरज कुमार, पप्पू गुप्ता, सन्नी कुमार सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
वैश्य समाज ने अपील की है कि शहर को जाम मुक्त बनाने के इस नेक कार्य में स्थानीय दुकानदार और आम जनता प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।