कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और जनसंवाद कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। 20 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गया और औरंगाबाद पहुंचेंगे, जहां वे कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल द्वारा मुख्यमंत्री, बिहार की प्रस्तावित “समृद्धि यात्रा” के मद्देनजर जिले के बारुण प्रखंड अंतर्गत मुंशी बिगहा में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा एवं सात निश्चय से संबंधित विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ जिले में संचालित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं कार्यारंभ, जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक तथा जन संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा सभा स्थल, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, संपर्क पथ, हेलीपैड, विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रदर्शनी स्टॉल हेतु निर्धारित स्थल, विभागीय बैठक स्थल तथा आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएँ तथा किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

जिला पदाधिकारी द्वारा सभा स्थल पर निर्माणाधीन हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयसीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि माननीय मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग को कार्यक्रम स्थल के आसपास की सड़कों की आवश्यक मरम्मत एवं समतलीकरण कार्य शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया, जिससे कार्यक्रम में आने वाले लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, ट्रैफिक नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करना आवश्यक है।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि समृद्धि यात्रा के अवसर पर विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से स्थापित किए जाएँ, ताकि आम जनता को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सके तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर संतन कुमार सिंह, डीसीएलआर सदर श्वेतांक लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी बारुण सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।