31 मार्च तक विशेष छूट का लाभ लेने की होड़
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। होल्डिंग टैक्स बकायेदारों के लिए नगर परिषद मसौढ़ी में इन दिनों राहत और भागदौड़ दोनों का माहौल देखने को मिल रहा है। नगर विकास एवं आवास विभाग की विशेष योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक एकमुश्त बकाया टैक्स जमा करने पर ब्याज और जुर्माना पूरी तरह माफ किए जाने की घोषणा के बाद नगर परिषद कार्यालय में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
नगर परिषद मसौढ़ी कार्यालय परिसर में सुबह से ही करदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। टैक्स जमा करने के लिए लोगों में खासा उत्साह है, क्योंकि यह छूट केवल सीमित समय अंतिम तीन दिनों के लिए ही उपलब्ध है। ऐसे में लोग इस अवसर को गंवाना नहीं चाहते।
भीड़ को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। सभी काउंटर और विंडो को सक्रिय कर दिया गया है, साथ ही अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि करदाताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे समय सीमा के भीतर इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने खासकर उन लोगों से अनुरोध किया, जिन्होंने लंबे समय से टैक्स जमा नहीं किया है, कि वे इस अवसर का उपयोग कर अपना बकाया निपटा लें, क्योंकि 31 मार्च के बाद यह सुविधा समाप्त हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि अब तक इस अभियान के तहत लगभग 60 लाख रुपये से अधिक की वसूली की जा चुकी है, जो नगर परिषद के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 31 मार्च तक रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खुला रखा जाएगा। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम, काउंटर और अंचल कार्यालयों में आयोजित विशेष शिविरों के जरिए भी टैक्स जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
नगर परिषद की इस पहल से न केवल राजस्व में वृद्धि हो रही है, बल्कि शहरवासियों को भी बिना अतिरिक्त बोझ के अपने बकाया कर चुकाने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।