नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। देव प्रखंड के वन मंझौली गांव के रहने वाले किसान पुत्र आकाश कुमार ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक परीक्षा में पूरे बिहार में आठवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। जैसे ही परीक्षा परिणाम जारी हुआ और टॉपर्स की सूची सामने आई, उसमें आकाश कुमार का नाम शामिल होने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
आकाश कुमार देव प्रखंड स्थित डुमरी हाई स्कूल का छात्र है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता बृजमोहन यादव एक किसान हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
आकाश की इस सफलता की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। दुलारे पंचायत के मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष बिजेंद्र कुमार यादव, डुमरी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक, शिक्षक धनंजय गुप्ता, चंदन कुमार यादव, प्रदीप कुमार, गुड्डू कुमार, अनिल कुमार यादव तथा समाजसेवी संतोष यादव सहित कई लोग उनके घर पहुंचे और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
इस मौके पर मुखिया बिजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि अब उनका क्षेत्र पिछड़ा नहीं रहा, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आकाश कुमार जैसे प्रतिभाशाली छात्र आने वाले समय में क्षेत्र और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
आकाश की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव और प्रखंड के लिए गर्व की बात है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।