नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कल्याणपुर (रोहतास)। डालमिया इंस्टीट्यूट ऑफ नॉलेज एंड स्किल हार्नेसिंग, कल्याणपुर में प्रमाण पत्र वितरण एवं जॉब ऑफर समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 90 दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 90 युवाओं को प्रमाण पत्र एवं रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु नाबार्ड द्वारा 60 अभ्यर्थियों के लिए डालमिया भारत फाउंडेशन को वित्तीय सहयोग प्रदान किया गया था। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत 60 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही 30 जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (स्वास्थ्य) एवं 30 असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन अभ्यर्थियों को उनके कार्य में सहयोग हेतु टूलकिट भी वितरित किए गए।

समारोह में 30 जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (स्वास्थ्य), 30 असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन एवं 30 डोमेस्टिक डेटा एंट्री ऑपरेटर सहित कुल 90 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया। सभी को 14,000 से 22,000 प्रतिमाह वेतनमान के साथ जॉब ऑफर प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नाबार्ड, क्षेत्रीय कार्यालय पटना के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक भोला प्रसाद सिंह, जिला विकास प्रबंधक सुनील कुमार, रोहतास सीमेंट वर्क्स के प्लांट एचआर हेड संजय कुमार झा एवं सुरभि क्लब की अध्यक्ष अंशु तिवारी उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह एवं सुरभि क्लब की अध्यक्ष अंशु तिवारी द्वारा ग्राम परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत माइक्रो एंटरप्राइज पहल के तहत आरओ वाटर प्लांट एवं ई-रिक्शा का उद्घाटन किया गया, जो ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अपने संबोधन में अंशु तिवारी ने डालमिया भारत फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए अभ्यर्थियों को बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।नाबार्ड के अधिकारियों भोला प्रसाद सिंह एवं सुनील कुमार ने भी संस्था द्वारा ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
रोहतास सीमेंट वर्क्स के प्लांट एचआर हेड संजय कुमार झा ने कहा कि डालमिया भारत फाउंडेशन समहूता, बंजारी एवं बकनौरा ग्राम पंचायतों में समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्य जारी रहेंगे।
मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नाबार्ड भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निरंतर समर्थन देता रहेगा। उन्होंने अतिरिक्त बैचों के संचालन, संचालन लागत में सहयोग एवं अन्य विकासात्मक परियोजनाओं में भी सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अब तक डालमिया भारत फाउंडेशन द्वारा कुल 570 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा चुका है। यूनिट हेड अशुतोष कुमार तिवारी ने कहा कि डालमिया भारत फाउंडेशन रोहतास सीमेंट वर्क्स के आसपास के समहूता, बंजारी एवं बकनौरा ग्राम पंचायतों में समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ना संस्था की प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को और विस्तार दिया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन युवाओं के सशक्तिकरण, रोजगार सृजन एवं सतत ग्रामीण विकास के संकल्प के साथ हुआ।