नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी (पटना)। बकाया मजदूरी के विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया, जब एक युवक की उसके ही रिश्तेदार ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना धनरूआ थाना क्षेत्र के निजामत गांव (सहजापुर) की है, जहां इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान सोनू कुमार (पिता – भूषण यादव) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोनू कुमार हैदराबाद की एक एचडीपी पाइप कंपनी में काम करता था। उसे गांव के ही मुकेश कुमार, जो लेबर ठेकेदार है, काम के लिए हैदराबाद ले गया था। आरोप है कि कई महीनों तक काम कराने के बावजूद उसे उसकी मजदूरी नहीं दी गई।
पैसा नहीं मिलने से परेशान सोनू गांव लौट आया और लगातार अपनी बकाया राशि की मांग कर रहा था। रविवार को जब बार-बार कहने के बावजूद उसे पैसे नहीं मिले, तो गुस्से में वह मुकेश कुमार के घर पहुंच गया और वहां बंधी भैंस खोलने लगा।
इसी दौरान रिश्ते में उसके चचेरे दादा बिजेंद्र यादव ने कथित तौर पर देसी पिस्तौल निकालकर सोनू पर गोली चला दी। गोली उसके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए पीएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही धनरूआ और सहजापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि आपसी विवाद में गोली लगने से युवक की मौत हुई है। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।