गजना महोत्सव में पेंटिंग व रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में नबीनगर प्रखंड स्थित गजना धाम मंदिर परिसर में जिला स्तरीय पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

गजना महोत्सव के उद्घाटन के बाद प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, जिला नजारत उप समाहर्ता रितेश कुमार यादव एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा) अमृतेश आर्यन और सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

प्रतियोगिता में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ स्वतंत्र प्रतिभागियों ने भी भाग लिया। प्रतिभागियों ने पेंटिंग और रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, नारी सशक्तिकरण, स्वच्छता, लोक संस्कृति और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी कलाकृतियों से पूरा परिसर आकर्षण का केंद्र बना रहा।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा रचनात्मकता, विषय-वस्तु, तकनीकी दक्षता और सौंदर्यबोध के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता को जूनियर (कक्षा 6-8) और सीनियर (कक्षा 9-12) दो वर्गों में आयोजित किया गया था, जिसमें पेंटिंग का विषय “बिहार में विकास के बढ़ते कदम” रखा गया था।
परिणाम इस प्रकार रहे :
सीनियर पेंटिंग में अनु कुमारी प्रथम, खुशी कुमारी द्वितीय और कुमकुम कुमारी तृतीय रहीं।
सीनियर रंगोली में अनुग्रह कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रथम, जवाहर नवोदय विद्यालय बारुण द्वितीय और प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय बारुण तृतीय रहा।
जूनियर पेंटिंग में आदित्य कुमार प्रथम, अंकिता कुमारी द्वितीय और सौम्या विश्वकर्मा तृतीय रहीं।
जूनियर रंगोली में बाल भारती पब्लिक स्कूल नवीनगर प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल दानी बिगहा द्वितीय और उत्क्रमित मध्य विद्यालय भगली तृतीय रहा।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि विजेताओं को गजना महोत्सव के मुख्य मंच से सम्मानित किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और कला-संस्कृति को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।