नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन स्कूल ने अपनी उत्कृष्टता का परिचय देते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के छात्रों ने बेहतरीन अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
कहावत है कि “मोती पाने के लिए गहरे पानी में उतरना पड़ता है”, और इसी को चरितार्थ करते हुए विद्यालय के विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और समर्पण से सफलता की नई मिसाल कायम की है।

विद्यालय के मेधावी छात्र आदित्य राज ने 95% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं फरहीन फातिमा (94.6%) और अर्फा नाज़ (94%) ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए। इसके अलावा एमडी जायद फारमान (91.2%), दिव्य भूषण (90.4%) और अंकित सिंह (90.2%) ने भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस वर्ष कुल 6 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 37 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय की उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता को प्रमाणित किया।
अन्य सफल विद्यार्थियों में महविश जोया (89.4%), अंशिका कुमारी (89.2%), चंदा कुमारी (87.8%), खुशी कुमारी (87.4%) और अर्पिता सिंघल (87.2%) सहित कई छात्रों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
विद्यालय के निदेशक सर्वेश कुमार ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ऐसे ही उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस सफलता में कक्षा 10 के सभी शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही, जिन्होंने विद्यार्थियों को न केवल पढ़ाई में मार्गदर्शन दिया, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन भी विकसित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।