नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। पंजाब नेशनल बैंक के औरंगाबाद मंडल द्वारा 18 अप्रैल को विभिन्न शाखाओं में व्यापक स्तर पर रिटेल आउटरीच अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों तक बैंक की रिटेल योजनाओं को पहुंचाना तथा अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना रहा।

इस क्रम में गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के समीप स्थित एनएमसीएच शाखा में एक विशेष कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सचिव गोविन्द नारायण सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंडल प्रमुख कंदर्प कुसुम, अग्रणी जिला प्रबंधक (रोहतास) एवं जमुहार शाखा प्रबंधक सुजीत कुमार सहित आसपास की शाखाओं के प्रबंधक भी मौजूद रहे। अतिथियों ने ग्राहकों से संवाद कर बैंक की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान टोयोटा एवं टाटा मोटर्स द्वारा अपनी नवीनतम गाड़ियों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिससे ग्राहकों को वाहन ऋण योजनाओं की जानकारी व्यावहारिक रूप से मिल सकी। इसके साथ ही पात्र ग्राहकों को मौके पर ही ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, जिससे उनमें खासा उत्साह देखा गया।
यह रिटेल आउटरीच अभियान ग्राहकों के साथ मजबूत संबंध स्थापित करने, बैंक की पहुंच बढ़ाने तथा स्थानीय स्तर पर वित्तीय समावेशन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। यह जानकारी पंजाब नेशनल बैंक औरंगाबाद मंडल कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।