अग्नि सुरक्षा प्रबंधन विषय पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। निदेशक-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, बिहार, पटना के निर्देशानुसार अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल 2026) के अवसर पर आज समापन दिवस पर “अग्नि सुरक्षा प्रबंधन” विषय पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन करते हुए सप्ताह का सफलतापूर्वक समापन किया गया।
अनुमंडल अग्निशामालय, औरंगाबाद अंतर्गत अनुग्रह नारायण मध्य विद्यालय, औरंगाबाद में जिला अग्निशमन पदाधिकारी एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं के बीच पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता में खुशबू कुमारी प्रथम, सुमित कुमार द्वितीय तथा रीना कुमारी एवं अनुराग कुमार तृतीय स्थान पर रहे, वहीं निबंध प्रतियोगिता में सौरव कुमार प्रथम, दिव्यांशी कुमारी द्वितीय एवं सौरभ कुमार तृतीय स्थान पर रहे, जिन्हें जिला अग्निशमन पदाधिकारी प्रभा कुमारी द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इसी क्रम में अनुमंडल अग्निशामालय, दाउदनगर अंतर्गत लक्ष्य कोचिंग सेंटर, मौलाबाग, दाउदनगर में छात्र-छात्राओं के बीच “अग्नि सुरक्षा प्रबंधन” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सोनी कुमारी प्रथम, कृतिका कुमारी द्वितीय तथा विपिन कुमार तृतीय स्थान पर रहे, जिन्हें अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी, दाउदनगर सोनाली कुमारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजनों एवं विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा समापन दिवस पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन मिला।