परिवहन एवं खनन संबंधित राजस्व संग्रह की समीक्षा बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज योजना भवन के सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल की संयुक्त अध्यक्षता में परिवहन एवं खनन संबंधित राजस्व संग्रह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों की प्रगति, राजस्व प्राप्ति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।
परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि जिला के प्रमुख स्थलों जैसे रमेश चौक, रामाबाँध, ओवरब्रिज, नावाडीह मोड़, शिवगंज के आगे टर्निंग, मदनपुर बाजार, ओबरा बाजार, अम्बा चौक, भखरूआ मोड़ एवं दाउदनगर क्षेत्र में नियमित रूप से यातायात जाम की समस्या बनी रहती है। इस समस्या के समाधान हेतु जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार शहर के विभिन्न स्थानों पर “नो पार्किंग” के स्टील बोर्ड स्थापित किए गए हैं। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में 15 ट्रॉली की खरीद कर उन्हें उपाधीक्षक यातायात पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।
हेलमेट चेकिंग अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 6,899 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 68 लाख 99 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
ओवरलोडिंग की रोकथाम हेतु एरका चेक पोस्ट, अम्बा, बारूण, शंकरपुर, दाउदनगर एवं नासरीगंज पुल के समीप नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में 538 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 74 लाख 16 हजार बासठ रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस विभाग से समन्वय बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
जिले में चिन्हित दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थलों में मुफस्सिल थाना अंतर्गत चतरा मोड़, ओबरा क्षेत्र के अतरौली, मटणु मोड़, उब मोड़ एवं देवकली, बारूण क्षेत्र के बरूआ पुल एवं सिंदुरिया तथा मदनपुर क्षेत्र के पिपरडीह एवं मदनपुर बाजार प्रमुख हैं, जहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला खनन पदाधिकारी द्वार बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मार्च 2026 तक कुल 51,290.81 लाख रुपये के वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध 31,665.56 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई है, जो 61.73 प्रतिशत है।
जिले में कुल 113 बालूघाटों में से 84 का नीलामी किया गया है, जबकि 23 बालूघाट वर्तमान में संचालित हैं। कुछ बालूघाटों के लिए पुनः नीलामी की प्रक्रिया जारी है। पर्यावरणीय स्वीकृति से संबंधित मामलों में भी प्रगति की समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 2,596 छापेमारी अभियान चलाए गए, जिनमें 120 गिरफ्तारियां की गईं तथा 360.67 लाख रुपये की वसूली की गई।
ईंट भट्ठों की समीक्षा में बताया गया कि जिले में कुल 232 ईंट भट्ठों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 174 द्वारा पूर्ण भुगतान किया गया है, जबकि 58 भट्ठों से भुगतान लंबित है।
जप्त बालू की नीलामी की प्रक्रिया जारी है तथा शेष भंडारित बालू के निपटान हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व संग्रह में तेजी लाने, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई करने, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा विभागीय समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उक्त बैठक में सदर एसडीओ संतन कुमार सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी एवं संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।