नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। तोपचांची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद परिजनों से जबरन पैसे वसूले जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। स्वास्थ्य कर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाया गया है। वहीं, सीएचसी प्रभारी ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मामला तोपचांची स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां एक महिला के प्रसव के बाद अस्पताल में कार्यरत एक नर्स पर परिजनों से जबरन एक हजार रुपये लेने का आरोप लगा है।
पीड़ित परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में गरीब और जरूरतमंद लोग इलाज के लिए आते हैं, लेकिन यहां भी उनसे पैसे की मांग की जा रही है, जो पूरी तरह गलत है।
परिजनों ने बताया कि बच्चे के जन्म की खुशी में वे अपनी इच्छा से तीन नर्सों को दो-दो सौ रुपये दे रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उनसे अधिक पैसे की मांग की गई। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोग सरकारी अस्पतालों पर भरोसा करते हैं, ऐसे में इस तरह की वसूली गंभीर चिंता का विषय है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और मामले की शिकायत अधिकारियों से की।
वहीं, सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्वेता गुंजन ने बताया कि इस संबंध में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आमतौर पर प्रसव के बाद परिजन स्वेच्छा से कुछ राशि देते हैं, लेकिन इस तरह जबरन पैसे मांगने की शिकायत पहली बार सामने आई है।