नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मानपुर। बुनियादगंज थाना क्षेत्र के अलीपुर मोहल्ले में मंगलवार, 10 नवंबर को एक 35 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान खिजरसराय थाना क्षेत्र के नगरियावां गांव निवासी रंजीत सिंह के रूप में हुई है। वह अलीपुर में निशु देवी के साथ किराये के मकान में रहता था और पिकअप वाहन चलाता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों करीब 15 वर्षों से साथ रह रहे थे। परिजनों का आरोप है कि महिला ने मृतक को अपना पति बताकर बड़ी रकम का ऋण भी लिया था। बताया जा रहा है कि रंजीत शराब और जुआ खेलने का आदी था तथा घटना से पहले जुए में 17 हजार रुपये हार गया था। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद होने की भी चर्चा है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद शव का बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। थानाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि युवक के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान बंद था और घर के सभी लोग गायब थे।