नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। औरंगाबाद सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने बिहार सरकार के भूमि एवं राजस्व विभाग के मंत्री श्री दिलीप जायसवाल को पत्र सौंपकर देव कार्तिक छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए सरकार से सहयोग का आग्रह किया।
पत्र के माध्यम से विधायक ने देव की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि छठ महापर्व के दौरान बिहार सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देव पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है।
विधायक ने मंत्री से देव छठ महापर्व के सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के लिए सरकार के स्तर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने कहा कि देव की धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक पहचान को देखते हुए छठ महापर्व की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए प्रशासन और सरकार के स्तर पर समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।