पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का किया स्थल निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार औरंगाबाद शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए जाने के उद्देश्य से एक व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन योजना के निर्माण हेतु निरीक्षण एवं बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला परिवहन पदाधिकारी, नगर परिषद के अध्यक्ष तथा रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का स्थल निरीक्षण किया गया।

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि शहर में सुगम एवं सुरक्षित आवागमन प्रशासनिक दक्षता का एक महत्वपूर्ण मानदंड है तथा आमजन को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
निरीक्षण के क्रम में शहर के प्रमुख मार्गों पुरानी जी.टी. रोड, एम.जी. रोड, रामाबांध बस स्टैंड एवं जसोईया मोड़ पर यातायात दबाव, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग एवं अव्यवस्थित संचालन के कारण उत्पन्न जाम की समस्या का विस्तृत आकलन किया गया।

पुरानी जी.टी. रोड, जो शहर की मुख्य व्यावसायिक धुरी है, पर सड़क की कम चौड़ाई, बाजार एवं सरकारी संस्थानों की अधिकता तथा अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अत्यधिक दबाव पाया गया। वहीं एम.जी. रोड एवं ओवरब्रिज क्षेत्र में बहु-दिशात्मक यातायात, सर्विस लेन का अनुचित उपयोग एवं भारी वाहनों के संचालन के कारण जाम की समस्या चिन्हित की गई।
रामाबांध बस स्टैंड एवं जसोईया मोड़ पर बसों एवं भारी वाहनों के अनियमित ठहराव तथा औद्योगिक गतिविधियों के कारण यातायात बाधित पाया गया।
इन समस्याओं के समाधान हेतु निम्नलिखित प्रमुख प्रस्ताव तैयार किए गए हैं-
◆ शहर क्षेत्र में निर्धारित समयावधि के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने हेतु अधिसूचना जारी करने का प्रस्ताव।
◆ प्रमुख मार्गों पर “वाहन पड़ाव वर्जित क्षेत्र” घोषित कर आवश्यक साइनबोर्ड स्थापित करने की योजना।
◆ यातायात प्रवाह को नियंत्रित करने हेतु चयनित मार्गों पर एकतरफा (वन-वे) व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव।
◆ अनावश्यक मीडियन ओपनिंग को बंद कर यातायात को सुव्यवस्थित करने की पहल।
◆ प्रमुख मार्गों पर पीवीसी फ्लेक्सिबल बोलार्ड के माध्यम से मीडियन निर्माण का प्रस्ताव।
◆ व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था हेतु ऑटो, मोटरसाइकिल एवं कार पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन एवं अधिसूचना।
◆ तीन एवं चार पहिया व्यावसायिक वाहनों तथा बसों के लिए पृथक पार्किंग स्थल निर्धारित करने का प्रस्ताव।
◆ शहर के प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण हटाने हेतु विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल।
◆ प्रमुख चौराहों पर स्वचालित ट्रैफिक सिग्नल एवं एएनपीआर (Automatic Number Plate Recognition) कैमरा स्थापित करने की योजना।
◆ रमेश चौक, अंडरपास एवं नवाडीह मोड़ पर ट्रैफिक पोस्ट एवं महिला सुविधा केंद्र (पिंक बूथ) निर्माण का प्रस्ताव।
इसके अतिरिक्त, ओल्ड जी.टी. रोड स्थित सब्जी एवं फल मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने, अस्थायी पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, न्यायालय परिसर के आसपास पार्किंग प्रबंधन, सर्विस लेन के उपयोग को बढ़ावा देने तथा नालों को ढककर सड़क चौड़ीकरण जैसे दीर्घकालिक उपायों पर भी विचार किया गया।
बैठक के अंत में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रस्तावित योजनाओं पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि शहरवासियों को जाम से राहत दिलाते हुए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें एवं प्रशासन के प्रयासों में सहयोग प्रदान करें।