नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मुख्य सचिव, बिहार, पटना के निर्देशानुसार आम नागरिकों की शिकायतों के सुलभ प्राप्ति एवं उनके प्रभावी तथा त्वरित निवारण के उद्देश्य से औरंगाबाद जिला अंतर्गत पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” का आयोजन माह मई के तृतीय मंगलवार, दिनांक 19 मई 2026 को किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार उक्त तिथि को आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होंगे।
इस क्रम में विभिन्न प्रखण्डों के चयनित पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें औरंगाबाद प्रखण्ड के फेसर एवं खैरा मिर्जा, बारुण प्रखण्ड के धमनी, देव प्रखण्ड के हसौली, मदनपुर प्रखण्ड के सलेया, कुटुम्बा प्रखण्ड के रिसियप, नवीनगर प्रखण्ड के टण्डवा, ओबरा प्रखण्ड के डिहरी, दाउदनगर प्रखण्ड के तरारी, गोह प्रखण्ड के डिहुरी, हसपुरा प्रखण्ड के अहियापुर तथा रफीगंज प्रखण्ड के मेटनिया पंचायत शामिल हैं।
उक्त शिविरों में आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का स्थल पर पंजीकरण किया जाएगा तथा यथासंभव त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, प्राप्त शिकायतों के निष्पादन हेतु 30 दिनों के अंदर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर में आमजनों की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल, छाया एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए हैं।
अतः जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें तथा सरकार संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्राप्त करें।