नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गयाजी टाउन क्षेत्र अंतर्गत चांदचौरा, संक्रामक अस्पताल के निकट निर्माणाधीन गयाजी धर्मशाला भवन का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया, जिसे आस्था की नगरी के रूप में जाना जाता है, देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर पितृपक्ष मेला के दौरान लाखों आगंतुकों का केंद्र है। ऐसे में श्रद्धालुओं के ठहरने हेतु समुचित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त धर्मशाला का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार द्वारा स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत लगभग 12015.85 लाख की लागत से गयाजी धर्मशाला भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कार्य 07 मई 2025 से प्रारंभ होकर 06 मई 2027 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने बताया कि धर्मशाला परिसर लगभग 4.38 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है, जिसमें लगभग 1080 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था होगी। भवन (जी+5) में ग्राउंड फ्लोर पर कार, मोटरसाइकिल एवं बस पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रथम तल पर 5-बेड एवं 3-बेड डॉरमेट्री की व्यवस्था की जा रही है, जबकि द्वितीय से पंचम तल तक प्रत्येक तल पर 2-बेड गेस्ट रूम, 5-बेड एवं 3-बेड डॉरमेट्री का प्रावधान किया गया है।
इसके अतिरिक्त परिसर में कर्मचारियों एवं चालकों के लिए पृथक व्यवस्था, भोजन कक्ष, स्वच्छ शौचालय, लिफ्ट, आधुनिक एचवीएसी सिस्टम, एसटीपी तथा सोलर ऊर्जा जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह धर्मशाला भवन पितृपक्ष मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा तथा गया में पर्यटन एवं धार्मिक आधारभूत संरचना को नई दिशा देगा।
मौके पर महेश लाल गुप्त, प्रेम सागर, मुन्ना पाठक, राजनन्दन गांधी, धीरू, अमित लोहानी, दीपक दीपू, गौतम गोस्वामी, मोहन राय, पार्षद राजीव सिन्हा, गौतम कुमार, भोला कुमार, अमित कुमार, पुल निर्माण निगम सहायक अभियंता आकाशदीप सहित अन्य मौजूद रहे।