सहयोग शिविर की तैयारियों, आवेदन प्राप्ति एवं निष्पादन की स्थिति का किया गया स्थलीय निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के द्वारा आगामी दिनांक 19 मई 2026 को गोह प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन डेहुरी समीप आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” की तैयारियों, आवेदन प्राप्ति एवं निष्पादन की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

गौरतलब है कि मुख्य सचिव, बिहार, पटना के निर्देशानुसार आम नागरिकों की शिकायतों के सुलभ प्राप्ति एवं उनके त्वरित, प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाना है। इसके अंतर्गत प्रत्येक शिविर से पूर्व संबंधित पंचायतों में कम-से-कम 30 दिन पहले से आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
जिला पदाधिकारी द्वारा शिविर से पूर्व आवेदन प्राप्ति की व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने शिविर स्थल पर प्रतिनियुक्त कर्मियों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की स्थिति का गहन अवलोकन किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोह को निर्देशित किया गया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन शिविर तिथि से पूर्व सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से राजस्व एवं न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर बल दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि शिविर के दिन लंबित एवं निष्पादित मामलों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए तथा आवेदकों को लिखित रूप में जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, जीविका दीदियों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से घर-घर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस शिविर का लाभ उठा सकें।
इसी क्रम में औरंगाबाद जिले में दिनांक 19 मई 2026 (माह का तृतीय मंगलवार) से प्रारंभ होने वाले “सहयोग शिविर” हेतु पंचायतवार रोस्टर तैयार कर लिया गया है तथा संबंधित पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। विभिन्न प्रखंडों के चयनित पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें औरंगाबाद प्रखंड के फेसर एवं खैरा मिर्जा, बारुण के धमनी, देव के हसौली, मदनपुर के सलेया, कुटुम्बा के रिसियप, नवीनगर के टण्डवा, ओबरा के डिहरी, दाउदनगर के तरारी, गोह के डेहुरी, हसपुरा के अहियापुर तथा रफीगंज के मेटनिया पंचायत शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, दाउदनगर अमित राजन, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, निदेशक डीआरडीए अनुपम कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोह, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, गोह एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।