हरियाली के प्रति डॉ. शम्भू शरण सिंह की कर्मठता को मिला सम्मान
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। जिला मुख्यालय स्थित विवेकानंद वीआईपी स्कूल को बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा इस वर्ष ‘ग्रीन स्कूल अवॉर्ड’ से नवाजा गया। ये अवार्ड बिहार में चुने गए दस उत्कृष्ट स्कूल को दिया गया है। महत्वपूर्ण है कि हरियाली को लेकर संस्था के निदेशक डॉ. शम्भू शरण सिंह ने लगातार प्रयास किया है। हजारों की संख्या में प्रत्येक वर्ष पौधारोपण कर औरंगाबाद और दाउदनगर क्षेत्र को हरित क्षेत्र बनाने का प्रयास किया है।

विद्यालय द्वारा चलाए गए ‘आत्मोदय’ अभियान के तहत वृक्षारोपण, स्वच्छता, जल-संरक्षण, मृदा संरक्षण, प्रदूषण आदि पर किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह अवॉर्ड प्राप्त हुआ है। ज्ञात हो कि विगत 26 वर्षों से चलाए जा रहे ‘आत्मोदय अभियान’ के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न गाँव, सरकारी परिसरों, विद्यालयों में जाकर वृक्षारोपण कर वहाँ के स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यावरण विषयक संवाद स्थापित कर उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाता रहा है।

इसका उत्कृष्ट परिणाम भी आया है। क्षेत्रीय लोग वृक्ष लगाने, मृदा संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता,प्रदूषण आदि विषयों पर जागरूक हुए हैं और इस दिशा में सकारात्मक प्रयास भी किए हैं। विवेकानंद ब्रिगेड द्वारा हर वर्ष स्वामी विवेकानंद के पुण्यतिथि पर ‘आत्मोदय अभियान’ के तहत एक पखवारा स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न आयामों पर चर्चा-वार्ता किया जाता है।

बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्रकाशित पत्रिका पयोनियरिंग ग्रीन एक्सीलेंस में विद्यालय द्वारा आत्मोदय के तहत किए कार्यों को सचित्र प्रकाशित किया गया है। जिसमें विद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए प्रयासों को दर्शाया गया है। ज्ञात हो कि विद्यालय के संस्थापक निदेशक डॉ शंभूशरण सिंह ने दाउदनगर से वर्ष 2001 में इस अभियान की शुरुआत की थी। विद्यालयी बच्चों द्वारा औरंगाबाद के दक्षिणी भाग में अवस्थित कोबरा कैम्प व अन्य पहाड़ी क्षेत्र के साथ विभिन्न सरकारी ग़ैरसरकारी प्रतिष्ठानों तक इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता फैलाई गई है।

इसमें लोगों का भरपूर सहयोग व सराहना मिला है।प्रत्येक वर्ष विद्यालय की टीम विविध अवसरों पर जिलाधिकारी व जिला वन्य पदाधिकारी के आमंत्रण पर पर्यावरण के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों का हिस्सा बनते हैं तथा विभिन्न पुरस्कार प्राप्त करते रहें हैं। विद्यालय के चेयरमैन मनीष वत्स ने विवेकानानंद ब्रिगेड को धन्यवाद देते हुए कहा कि पर्यावरण बचाना हमारी अहम जिम्मेदारी है ताकि हम भावी पीढ़ी को सुनहरा भविष्य प्रदान कर सकें।
इस अवसर पर उपप्राचार्य सूची कुमारी, शिक्षक कुमारी सुमन, अखिलेश शर्मा, डी.एन. पाठक, अविनाश कुमार सहित पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।