नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सारण। जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भगवान बाजार थाना क्षेत्र के न्यायबस्ती लोहा टोला इलाके में कलाकारों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह घटना डॉ. पी.एन. सिंह डिग्री कॉलेज के पश्चिमी इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, आर्केस्ट्रा टीम को ले जा रही पिकअप वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहन चालक संतुलन खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन तेज रफ्तार में था, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया। पलटते ही वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला और चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के पहुंचने के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, मृतक कानपुर और बलिया के रहने वाले थे। घायलों में दिलीप कुमार नामक व्यक्ति का इलाज चल रहा है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।